चक्रवात ‘सेन्यार’ का पहला प्रभाव भारत में अंडमान और निकोबार द्वीपों पर दिखेगा, जहां 27 नवंबर को तेज़ बारिश की संभावना है। आने वाले दिनों में यह तूफान देश के कई राज्यों को प्रभावित कर सकता है।
नई दिल्ली:
चक्रवाती तूफ़ान ‘सेन्यार’ अपनी रफ्तार पकड़ते हुए तबाही मचाने की ओर बढ़ रहा है। ‘सेन्यार’ जिसका अर्थ ‘शेर’ होता है, इंडोनेशिया के तटों को पार करने के बाद तेज गति से बंगाल की खाड़ी की दिशा में अग्रसर है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में यह तूफ़ान भारत के कई राज्यों पर प्रभाव डाल सकता है।
इंडोनेशिया क्षेत्र से विकसित यह मौसम प्रणाली दक्षिण-पूर्व दिशा में तेजी से सक्रिय हो रही है। जानकारी के अनुसार, मलक्का जलडमरूमध्य और उत्तर-पूर्वी इंडोनेशिया के पास बना चक्रवाती तूफ़ान ‘सेन्यार’ कमज़ोर पड़कर एक गहन अवदाब में परिवर्तित हो गया है। वहीं, एक अन्य गहन अवदाब दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा श्रीलंका के निकटवर्ती समुद्री क्षेत्रों में सक्रिय है।
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अलर्ट के अनुसार चक्रवाती तूफान ‘सेन्यार’ गंभीर नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखता है। इसी कारण तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पुष्टि की है कि सेन्यार इंडोनेशिया के तटों को पार कर चुका है और अब तेज़ी से भारत की ओर बढ़ रहा है।
किन राज्यों पर पड़ेगा सेन्यार का सबसे ज्यादा असर?
IMD के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
28–29 नवंबर को अंडमान, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आसपास के तटीय इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवाओं की गति 80–100 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
सबसे पहले इसका प्रभाव 27 नवंबर को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में दिखेगा, जहां भारी वर्षा की आशंका है।
तमिलनाडु में बेहद भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार, मलक्का जलडमरूमध्य और उत्तर-पूर्वी इंडोनेशिया के पास बना सेन्यार तूफान अब
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और दक्षिण श्रीलंका के आसपास विकसित गहरे दबाव क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।
इसी को देखते हुए, 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक तमिलनाडु में भारी वर्षा की चेतावनी है, जबकि 29 और 30 नवंबर को कुछ इलाकों में अतिभारी (Very Heavy) बारिश होने का अनुमान है।
भारत में कब और कहाँ टकराएगा तूफान सेन्यार?
अनुमानों के अनुसार, 29–30 नवंबर को यह चक्रवाती तूफान तमिलनाडु या आंध्र प्रदेश के तट के बेहद करीब से गुजरेगा।
इसके चलते समुद्र में ऊँची लहरें उठेंगी और तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
किन राज्यों में जारी हुआ रेड अलर्ट?
तूफान की गंभीरता को देखते हुए, IMD ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है।
साथ ही अगले 3 दिनों तक कड़ी सतर्कता बरतने और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
