महाराष्ट्र सरकार ने डावोस में जारी विश्व आर्थिक मंच के पहले ही दिन 14.50 लाख करोड़ रुपये मूल्य के रिकॉर्ड 19 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य के उद्योग मंत्री डॉ. उदय समंत की उपस्थिति में हस्ताक्षर हुए। इससे मुख्यमंत्री के इस दावे को बल मिलता है कि उद्योग और निवेश के लिए महाराष्ट्र भारत का प्रवेश द्वार है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ये निवेश हरित ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, इस्पात निर्माण, आईटी-आईटीईएस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन-ऑटोमोबाइल, जहाज निर्माण और डिजिटल बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों में होंगे। इनसे लगभग 15 लाख नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। डावोस में अगले दो दिनों के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, फिनटेक, रसद, बुनियादी ढांचा, जहाज निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में और एमओयू होने की संभावना है।
