तुमसर | 11 फरवरी 2026
तुमसर शहर के हनुमान नगर इलाके में चेन स्नैचिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक सफेद और लाल रंग की स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर आए और एक महिला के गले से करीब 3 तोला सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित महिला हनुमान नगर स्थित शास्त्री पुतला परिसर की निवासी बताई जा रही है। घटना उस समय हुई जब महिला अपने रोज़मर्रा के काम से बाहर निकली थीं। अचानक पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने मौका देखकर झपट्टा मारा और तेज़ रफ्तार में वहां से भाग निकले।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
इस चौंकाने वाली घटना का पूरा घटनाक्रम पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देकर कुछ ही सेकंड में फरार हो जाते हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही तुमसर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला की शिकायत दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित रास्तों पर नाकाबंदी भी की गई है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद से हनुमान नगर और आसपास के क्षेत्रों में नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
